Tuesday, April 1, 2025

गोल्डन वीजा क्या है और यह वीजा किन लोगों को दिया जाता है?

गोल्डन वीजा एक प्रकार का निवास वीजा है, जिसे कुछ देशों द्वारा विदेशी निवेशकों और उनके परिवार जनों को दिया जाता है। इस वीजा के लिए आमतौर पर निवेशक को उस देश में एक निश्चित राशि का निवेश करने की आवश्यकता होती है।

Text Size:

आर्थिक एवं सामाजिक तौर पर दुनियाँ के सभी देश तीन प्रमुख श्रेणियों विकसित, विकासशील एवं अविकसित में बंटे हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न देशों की राजनीतिक एवं भौगोलिक स्थिति भी एक दूसरे से अलग होती है, अतः किसी व्यक्ति के मन में उसके जीवन के अनुकूल दूसरे देश में निवास करने की इच्छा उत्पन्न होना स्वाभाविक है।

- Advertisement -

अधिकांश परिस्थितियों में यह विस्थापन विकासशील या अविकसित देशों से विकसित देशों की तरफ ही होता है। भारत का ही उदाहरण लें, तो साल 2023 में तकरीबन 2.16 लाख लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ी है, जबकि 2022 में यह आंकड़ा 2.25 लाख था।

भारत की नागरिकता छोड़ने वाले अधिकांश लोग अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूके और जर्मनी जैसे विकसित देशों में जाकर बसे हैं। किसी दूसरे खासकर विकसित देश की नागरिकता प्राप्त करने के कई तरीके हो सकते हैं, लेकिन इन सभी में “निवेश द्वारा नागरिकता” खास है, जिसका इस्तेमाल सामान्यतः अमीर लोग दूसरे देशों में बसने के लिए करते हैं।

आइए इस लेख के जरिये समझते हैं निवेश द्वारा नागरिकता या गोल्डन वीजा स्कीम क्या है और कौन से ऐसे देश हैं, जो निवेश के माध्यम से नागरिकता उपलब्ध करवाते हैं।

- Advertisement -

नागरिकता क्या है?

नागरिकता (Citizenship) किसी व्यक्ति विशेष के, किसी देश के नागरिक होने का प्रमाण होता है। प्रत्येक देश अपने नागरिकों को कई विशेषाधिकार प्रदान करता है और कोई भी गैर-नागरिक इन सुविधाओं का लाभ नहीं ले सकता। इन अधिकारों में नागरिकों को दिए जाने वाले मूल अधिकार, मतदान का अधिकार आदि शामिल होते हैं।

नागरिकता प्राप्त करने के तरीके

कोई व्यक्ति कई तरीकों से किसी दूसरे देश की नागरिकता प्राप्त कर सकता है, हालाँकि ये नियम प्रत्येक देश के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं।

किसी देश की नागरिकता प्राप्त करने का सबसे आसान तरीका उस देश के नागरिक (पुरुष/महिला) से विवाह करना है। ऐसे व्यक्ति विवाह के बाद उस देश के स्थायी निवासी बन सकते हैं और एक निश्चित समय के पश्चात प्राकृतिक रूप से नागरिकता के लिए आवेदन कर सकते हैं।

अगर कोई व्यक्ति किसी दूसरे देश में एक निश्चित समयावधि से स्थायी तौर पर निवास कर रहा हो, तो ऐसा व्यक्ति उस देश की नागरिकता के लिए योग्य होता है। निवास की समयावधि देशों के अनुसार भिन्न हो सकती है, उदाहरण के तौर पर अमेरिका में 5 साल (विवाह की स्थिति में 3 साल), जर्मनी में 8 साल आदि।

इसके अतिरिक्त यदि किसी व्यक्ति के माता-पिता में से कोई एक अथवा दोनों उस व्यक्ति के जन्म के दौरान किसी ऐसे देश के नागरिक थे, जहाँ की नागरिकता वह व्यक्ति लेना चाहता है तब ऐसे में वह व्यक्ति वंश के आधार पर उस देश की नागरिकता के लिए सीधे आवेदन कर सकता है।

निवेश द्वारा नागरिकता क्या है?

दूसरे देश की नागरिकता प्राप्त करने के कुछ सामान्य तरीकों को हमने ऊपर जाना, लेकिन कई देश निवेश की एवज में भी नागरिकता प्रदान करते हैं। निवेश किसी भी देश के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता है, जिससे उस देश के निवासियों की जीवनशैली तथा समूची अर्थव्यवस्था में सुधार होता है।

चूँकि निवेश अर्थव्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है इसलिए प्रत्येक देश अपने यहाँ बाहरी निवेश को आकर्षित करने की हर संभव कोशिश करता है और निवेश के बदलने नागरिकता देना ऐसी ही एक कोशिश है।

यह भी पढ़ें : यदि आप भी Google, Facebook जैसी कंपनियों में निवेश करना चाहते हैं, तो यहाँ जानें तरीका

कुछ देश एक निश्चित धनराशि का निवेश करने पर निवेशक तथा उसके परिवार को स्थायी निवास की सुविधा मुहैया करवाते हैं तथा एक निश्चित समय के बाद निवेशक प्राकृतिक रूप से उस देश की नागरिकता प्राप्त करने के लिए योग्य हो जाता है। इस प्रकार दी गयी नागरिकता को “निवेश द्वारा नागरिकता” कहा जाता है।

निवेश करने के विकल्प विभिन्न देशों में भिन्न-भिन्न हो सकते हैं, जैसे कुछ देश निवेशक को शेयर, बॉन्ड आदि में निवेश करने का विकल्प देते हैं, कुछ देश रियल एस्टेट में भी निवेश करने की छूट देते हैं, जबकि कुछ देश किसी व्यवसाय में निवेश कर एक निश्चित संख्या में रोजगार उत्पादित करने की शर्त रखते हैं।

गोल्डन वीजा क्या है?

वीजा से हम सभी वाकिफ़ हैं, विदेश यात्रा के संबंध में यह शब्द अक्सर सुनाई देता है। वीजा एक आधिकारिक दस्तावेज़ है जो एक देश द्वारा किसी विदेशी नागरिक को अपने देश में प्रवेश करने, रहने या यात्रा करने की अनुमति देता है। किसी भी देश में यात्रा करने के लिए उस देश की सरकार से यह दस्तावेज प्राप्त करना अनिवार्य होता है।

सामान्यतः वीजा विभिन्न प्रकार के होते हैं, जो अलग अलग उद्देश्यों जैसे पर्यटन, शिक्षा, नौकरी, व्यवसाय आदि के लिए प्रदान किए जाते हैं। प्रत्येक प्रकार के वीजा की एक निश्चित समयावधि होती है।

वीजा का एक अन्य प्रकार गोल्डन वीजा (Golden Visa) भी है। कुछ वर्ष पूर्व जाने-माने फिल्म अभिनेता संजय दत्त को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) द्वारा गोल्डन वीजा प्रदान किया गया था। ऐसे व्यक्ति जो किसी देश में निवेश द्वारा नागरिकता प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें उस देश की सरकार द्वारा गोल्डन वीजा प्रदान किया जाता है तथा एक निश्चित समयावधि के पश्चात गोल्डन वीजा धारक उस देश की नागरिकता के लिए आवेदन कर सकते हैं।

निवेश द्वारा नागरिकता देने वाले कुछ प्रमुख देश

आइए ऐसे कुछ देशों को देखते हैं, जो निवेशकों को निवेश के माध्यम से नागरिकता की सुविधा मुहैया करवाते हैं, साथ ही जानते हैं इन देशों में इसके लिए क्या-क्या शर्तें हैं।

संयुक्त राज्य अमेरिका (USA)

विश्व के विकसित एवं शक्तिशाली देशों में शामिल अमेरिका दुनियाँ की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था है। सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की जानी-मानी कंपनियाँ गूगल, फ़ेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल इत्यादि सब अमेरिका आधारित ही हैं, जिसके चलते यहाँ इस क्षेत्र में रोजगार के भी बेशुमार अवसर हैं।

इसके अतिरिक्त यह देश व्यवसाय, नवाचार आदि के दृष्टिकोण से भी अनेकों अवसर प्रदान करता है। इन सभी कारणों के चलते इस देश का स्थायी निवास अथवा नागरिकता प्राप्त करना कई लोगों का सपना होता है।

अमेरिका निवेश के द्वारा यहाँ बसने वाले लोगों के लिए EB-5 वीजा प्रदान करता है, जिसके तहत अमेरिकी सरकार द्वारा एक निश्चित धनराशि का निवेश करने वाले व्यक्तियों को देश में स्थायी निवास अथवा अमेरिका का ग्रीन कार्ड प्रदान किया जाता है। 

© Bauhaus1000 from Getty Images Signature

EB-5 वीजा के अंतर्गत निवेशकों को दो भिन्न क्षेत्रों में निवेश करने का अवसर प्राप्त होता है। इनमें पहला है TEA अथवा Targeted Employment Areas ये इसे क्षेत्र हैं जहाँ सामान्यतः रोजगार कम हैं, सरकार द्वारा निर्धारित ऐसे क्षेत्र में न्यूनतम 8 लाख डॉलर के निवेश द्वारा EB-5 वीजा प्राप्त किया जा सकता है।

दूसरे क्षेत्र की बात करें, तो इसमें निवेशक किसी व्यवसाय को शुरू करने अथवा किसी व्यवसाय को बढ़ाने आदि के उद्देश्य से निवेश कर सकता है। इस प्रकार के निवेश में किसी क्षेत्र विशेष में निवेश करने की बाध्यता नहीं होती। चूँकि यहाँ निवेशक अपनी इच्छा के क्षेत्र में निवेश कर सकता है अतः इस प्रकार के निवेश के लिए निवेशक को न्यूनतम 10.05 लाख डॉलर का निवेश करना अनिवार्य होता है।

इटली (Italy)

इटली वैश्विक रूप से ख्याति प्राप्त यूरोप का एक महत्वपूर्ण देश है, जो मिलान, रोम और वेनिस जैसे प्रमुख शहरों के साथ हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है।

इटालियन गोल्डन वीज़ा हेतु पात्र होने के लिए किसी व्यक्ति को इटालियन सरकारी बॉन्ड में न्यूनतम 2 मिलियन यूरो एवं सरकारी उद्यमों में कम से कम 500,000 यूरो का निवेश करना होता है।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE)

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) मध्य पूर्व में स्थित एक महत्वपूर्ण देश है, जो आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन, संचार प्रणाली एवं नागरिक सुरक्षा के लिए जाना जाता है। यह देश बिजनेस करने के लिहाज से एक बेहतरीन जगह है और यहाँ का सबसे प्रमुख शहर दुबई एक वैश्विक वाणिज्यिक केंद्र है।

यूएई का गोल्डन वीजा प्राप्त करने के लिए रियल एस्टेट में कम से कम 550,000 डॉलर का निवेश करना आवश्यक है। यह वीजा 10 वर्षों के लिए प्रदान किया जाता है, जिसके बाद इसे रिन्यू किया जा सकता है।

यूनाइटेड किंगडम (UK)

ब्रिटेन में निवास हेतु वीजा चाहने वाले निवेशक टियर 1 निवेश वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके तहत निवेशक को न्यूनतम £2 मिलियन का निवेश करने की आवश्यकता होती है और निवेशक एवं उसके परिवार को ब्रिटेन में अस्थाई निवास की अनुमति प्रदान की जाती है। 

इस अस्थाई निवास की अवधि साधारणतः 3 साल 4 महीने की होती है, जिसे निवेशक पुनः 2 वर्षों के लिए आगे बढ़ा सकता है और कम से कम 6 वर्ष बाद ब्रिटिश नागरिकता के लिए आवेदन कर सकता है।

स्पेन (Spain)

स्पेन ने 2013 में निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सर्वप्रथम गोल्डन वीज़ा कार्यक्रम शुरू किया। इसके अनुसार निवेशक के पास अलग अलग क्षेत्रों में निवेश करने का विकल्प होता है।

उदाहरण के तौर पर रियल एस्टेट में न्यूनतम €500,000 का निवेश, स्पेनिश ट्रेजरी बांड में न्यूनतम €1,000,000 का निवेश अथवा किसी व्यवसाय में कम से कम €1,000,000 का निवेश।

उक्त निवेशों के माध्यम से कोई निवेशक अपने परिवार समेत स्पेन में अस्थाई निवास प्राप्त कर सकता है, स्पेनिश निवेशक वीजा हर दो साल में नवीनीकृत किया जाता है। पाँच साल के बाद निवेशक स्थायी निवास तथा दस साल के बाद नागरिकता प्राप्त करने के लिए योग्य हो जाता है।

पुर्तगाल (Portugal)

पुर्तगाल पश्चिमी यूरोप का एक विकसित देश है। 2012 में शुरू किए गए निवेशक वीजा कार्यक्रम को पुर्तगाली सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रूप से बढ़ावा दिया गया है। पुर्तगाली सरकार निवेशकों को विभिन्न रूपों में एक निश्चित राशि निवेश करने पर देश में अपने परिवार समेत निवास करने का अवसर देती है।

यह निवेश रियल एस्टेट के क्षेत्र में न्यूनतम €500,000, किसी कंपनी में न्यूनतम €1,000,000, शेयर, बॉन्ड आदि में €1,000,000 है। इसके अतिरिक्त व्यक्ति के पास न्यूनतम दस रोजगार पैदा करने का विकल्प भी है। पाँच वर्षों के पश्चात निवेशक पुर्तगाल की नागरिकता प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकता है।

अन्य देश

गोल्डन वीजा प्रदान करने वाले कुछ अन्य देश निम्नलिखित हैं

विदेशों में बसे भारतीय

तकरीबन 145 करोड़ की आबादी के साथ भारत जनसंख्या के लिहाज से चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा देश है, अतः इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारतीय नागरिक दुनियाँ के विभिन्न देशों में बसे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार भारतीय मूल के तकरीबन 1.95 करोड़ लोग दुनियाँ के विभिन्न देशों में निवास कर रहे हैं।

इसके अतिरिक्त गैर-निवासी भारतीयों को देखें, जो रोजगार के उद्देश्य से भारत से बाहर निवास कर रहे हैं, तो उनकी संख्या तकरीबन 1.58 करोड़ है। भारत से बढ़ते विस्थापन को देखते हुए कई देशों ने भारतीय नागरिकों के लिए अपने देश में नागरिकता या स्थायी निवास हेतु कड़े कानून बनाए हैं।

भारत से विकसित देशों की ओर हो रहे विस्थापन में सरकारों का भी खासा योगदान रहा है। सरकारें नागरिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और साफ सफाई जैसी बुनियादी सेवाओं को प्रदान करने में विफल रही हैं। लिहाजा ऐसे लोग जो विकसित देशों में काम करने में सक्षम हैं देश की नागरिकता छोड़ देते हैं।

सार-संक्षेप

गोल्डन वीजा एक प्रकार का निवास वीजा है, जिसे कुछ देशों द्वारा विदेशी निवेशकों और उनके परिवार जनों को दिया जाता है। इस वीजा के लिए आमतौर पर निवेशक को उस देश में एक निश्चित राशि का निवेश करने की आवश्यकता होती है, जो रियल एस्टेट, सरकारी बॉन्ड या व्यापार स्थापित करने के रूप में किया जाता है।

गोल्डन वीजा का फायदा यह है कि यह व्यक्ति को उन देशों में जीवनयापन, बिजनेस, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का अवसर प्रदान करता है, जहाँ निवेश किया गया है। यह उन लोगों के लिए एक आकर्षक विकल्प हो सकता है, जो विदेश में स्थायी निवास चाहते हैं और इसके लिए निवेश करने को तैयार हैं।

लेटेस्ट आर्टिकल

विज्ञापन spot_img